लोहाघाट से 400 ग्राम चांदी लेकर फरार हुए कारीगर गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नाकाम हुई विदेश भागने की साजिश।
चंपावत। जनपद पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लोहाघाट में आभूषण कारोबारी की चांदी लेकर फरार हुए दो आरोपियों को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को दिल्ली एयरपोर्ट के समीप से दबोचा गया, जहां से उनके देश छोड़कर भागने की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस ने उनके कब्जे से 400 ग्राम चांदी भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत थाना लोहाघाट पुलिस ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार 23 जून को खड़ी बाजार, लोहाघाट निवासी योगेश वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके यहां काम करने वाले दो व्यक्ति सोना-चांदी लेकर फरार हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उनके देश से बाहर भागने की आशंका के चलते पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दिल्ली एयरपोर्ट के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से 400 ग्राम चांदी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिद अली मलिक निवासी हावड़ा, पश्चिम बंगाल तथा एसके सहाबुल निवासी हावड़ा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
फोटो_लोहाघाट से चांदी लेकर फरार हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद बरामद माल के साथ पुलिस टीम।
