‘सरकार जनता के द्वार’ अभियान के तहत खूनाबोरा में लगा बहुद्देशीय शिविर, जन्म प्रमाण पत्र से लेकर स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण योजनाओं का मौके पर मिला लाभ।
लोहाघाट। दूर-दराज के गांवों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सरकार जनता के द्वार–सेवा पखवाड़ा’ अभियान के तहत सोमवार को खूनाबोरा गांव में जिला प्रशासन ने बहुद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया। शिविर में जिले के दो दर्जन से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अनेक मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
शिविर का सबसे भावुक पल तब सामने आया, जब पाटन-पाटनी क्षेत्र की एक महिला, जो अपने बेटे के जन्म प्रमाण पत्र के लिए लंबे समय से कार्यालयों के चक्कर लगा रही थी, उसकी समस्या जिलाधिकारी मनीष कुमार के समक्ष पहुंची। डीएम ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए और कुछ ही मिनटों में जन्म प्रमाण पत्र जारी करा दिया। महिला के चेहरे पर लौटी मुस्कान ने शिविर की सार्थकता को बयां कर दिया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की हर योजना जनता के लिए है। यदि कोई पात्र व्यक्ति उसका लाभ नहीं ले पा रहा है, तो यह प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में आने वाला कोई भी व्यक्ति निराश होकर वापस नहीं जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों से कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे अपनी समस्याएं सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से भी उन्हें भेज सकते हैं।
शिविर में स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग ने निःशुल्क जांच और उपचार सेवाएं दीं, जबकि कृषि एवं उद्यान विभाग ने किसानों को उन्नत बीज, कृषि उपकरण और विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराणा, एसडीएम नितेश डागर, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, चंद्रशेखर बगोली, भाजपा पदाधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_ खूनाबोरा गांव में आयोजित ‘सरकार जनता के द्वार’ शिविर के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: शिविर में दिखा ‘डीएम ऑन स्पॉट’ मॉडल, मिनटों में निपटीं लोगों की वर्षों पुरानी समस्याए।
