चंपावत: लोहाघाट अस्पताल में जल्द शुरू होगा नया ऑपरेशन थिएटर! जरूरत पड़ी तो जिला पंचायत देगी उपकरण।

Share This Post

जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने किया उप जिला चिकित्सालय का निरीक्षण, मरीजों से जाना हाल; स्वास्थ्य सेवाओं को बताया संतोषजनक।


लोहाघाट। जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने शुक्रवार को लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के सभी वार्डों का भ्रमण किया, भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार, दवाइयों और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के नेतृत्व में उप जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि अस्पताल में नया ऑपरेशन थिएटर तैयार हो चुका है, लेकिन आवश्यक उपकरणों की कमी के कारण उसका संचालन अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इस पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से वार्ता की जाएगी। यदि आवश्यकता पड़ी तो जिला पंचायत अपने फंड से भी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को ऑपरेशन जैसी सुविधाओं के लिए अन्य स्थानों का रुख न करना पड़े।
आनंद सिंह अधिकारी ने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी और अन्य जरूरी संसाधनों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी हर संभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही इन समस्याओं से मुख्यमंत्री को भी अवगत कराया जाएगा, ताकि लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय को और अधिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा सके।
इस अवसर पर पूर्व प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी, केंद्रीय विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य जी.बी. ओली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

फोटो_जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने उप जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।


Share This Post