चंपावत: नहीं रहे शिक्षाविद् रमेश चंद पांडे, 80 वर्ष की उम्र में पुणे में निधन।

Share This Post

ओकलैंड पब्लिक स्कूल के संस्थापक के निधन से शिक्षा जगत में शोक की लहर, विद्यालय में शोकसभा आयोजित कर दी श्रद्धांजलि।

लोहाघाट। जनपद के वरिष्ठ शिक्षाविद् और ओकलैंड पब्लिक स्कूल के संस्थापक रमेश चंद पांडे का बीमारी के चलते पुणे (महाराष्ट्र) में निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे और कुछ समय से अपने इकलौते पुत्र पीयूष के साथ पुणे में रह रहे थे। उनके निधन की खबर से लोहाघाट समेत पूरे जनपद के शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षा के क्षेत्र में रमेश पांडे का योगदान उल्लेखनीय रहा। क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने अपने सेवाकाल में ओकलैंड पब्लिक स्कूल की स्थापना की। उनका प्रयास था कि पहाड़ के बच्चों को हल्द्वानी और नैनीताल के कॉन्वेंट स्कूलों जैसी शिक्षा अपने ही क्षेत्र में कम शुल्क पर मिल सके। सेवानिवृत्ति के बाद भी वह विद्यालय से जुड़े रहे और छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को निखारने में जुटे रहे।
श्री पांडे लोहाघाट स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्होंने अपना पूरा समय शिक्षा को समर्पित कर दिया। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय ने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
उनका अंतिम संस्कार पुणे में ही किया गया। पुत्र पीयूष, अनुज प्रकाश व लोकेश, भतीजे अमित समेत परिजनों और अन्य लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनका क्रिया-कर्म भी पुणे में ही किया जा रहा है। इधर, निधन का समाचार मिलते ही लोहाघाट के ठाड़ाढूंगा स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। उनके सम्मान में ओकलैंड पब्लिक स्कूल को बंद रखा गया। प्रधानाचार्य राहुल जोशी की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। रमेश चंद पांडे के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, शिक्षाविद् बीडी कॉलोनी, नरेश राय, मदन महर, नगर पालिका चंपावत की अध्यक्ष प्रेमा पांडे, लोहाघाट नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, शिक्षक लक्ष्मण सिंह मेहता, भाजपा प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे, व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष जुकरिया समेत अनेक शैक्षिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

फोटो_स्वर्गीय रमेश चंद पांडे।


Share This Post