चंपावत: डीएम के निरीक्षण के बाद हरकत में आया एनएच विभाग, एनएच-09 के गड्ढों की कंक्रीट से होगी स्थायी मरम्मत।

Share This Post

खटकाना पुल से जिला अस्पताल तक सड़क का लिया जायजा, बारिश में भी टिकाऊ मरम्मत के दिए निर्देश।

चंपावत। लगातार हो रही बारिश के बीच भी जिलाधिकारी मनीष कुमार शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (एनएच-09) का स्थलीय निरीक्षण करने सड़क पर पहुंचे। खटकाना पुल से जिला अस्पताल तक उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति, जगह-जगह बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से मरम्मत कार्य शुरू करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान डामर से की जाने वाली अस्थायी मरम्मत अधिक समय तक टिकाऊ नहीं रहती। इसलिए सभी गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को कंक्रीट से भरा जाए, ताकि सड़क लंबे समय तक सुरक्षित बनी रहे और बार-बार मरम्मत की आवश्यकता न पड़े।
उन्होंने कहा कि खराब सड़क के कारण आम जनता, व्यापारियों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, जिससे यातायात सुचारु रहे और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों से भी बातचीत कर सड़क से जुड़ी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि जनहित के इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी के निरीक्षण और निर्देशों के तुरंत बाद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग हरकत में आ गया। अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता ने बताया कि एनएच-09 पर गड्ढों में कंक्रीट भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप मरम्मत कराई जा रही है, ताकि भारी बारिश के दौरान भी सड़क सुरक्षित और टिकाऊ बनी रहे।

फोटो_ बारिश के बीच खटकाना पुल से जिला अस्पताल तक एनएच-09 का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post