चंपावत। स्वास्थ्य विभाग चंपावत द्वारा संचालित “सेवा, सुशासन और समर्पण” अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के दूसरे दिन मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे 230 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर निःशुल्क जांच, उपचार और दवाइयों का लाभ उठाया।
शिविर में मरीजों की स्वास्थ्य जांच के साथ एक्स-रे, विभिन्न रक्त जांच, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, ओरल कैंसर, सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी बीमारी के अनुरूप उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ न लगानी पड़े। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है। विभाग की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को उसके नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलवीर सिंह, फिजिशियन डॉ. रविंद्र सिंह बोहरा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बीना मलकानी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शौर्य, बीपीएम अमर चंद, बीएलए रंजीत मेहता, फार्मासिस्ट प्रकाश सिंह, सीएचओ अंकिता, ममता मेहरा, सोनिया, एएनएम पूजा नयाल, बबीता, आशा फैसिलिटेटर मंजू, गीता, नीमा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
फोटो_प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी में आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के दौरान मरीजों की जांच एवं उपचार करते चिकित्सक।
स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा- पाटी में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में उमड़ी मरीजों की भीड़, दूसरे दिन 230 लोगों ने उठाया मुफ्त इलाज का लाभ।
