चंपावत: आधी रात घर में घुसा गुलदार, बुजुर्ग पर झपटा; बेटी ने कंबल डालकर बचाई पिता की जान।

Share This Post

चंपावत। जिला मुख्यालय के समीप सिमल्टा गांव में शुक्रवार रात उस समय परिवार की सांसें थम गईं, जब एक गुलदार अचानक घर के भीतर घुस आया और 61 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे पर हमला कर दिया। गुलदार के हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच उनकी बेटी किरण ने असाधारण साहस और सूझबूझ दिखाते हुए गुलदार के ऊपर कंबल डाल दिया। बेटी की इस हिम्मत से गुलदार पीछे हट गया और बुजुर्ग की जान बच गई।

घटना रात करीब 9:20 बजे की बताई जा रही है। कंबल पड़ते ही घबराया गुलदार कमरे में बनी स्लैबनुमा जगह में जा छिपा। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रहे। उन्होंने तत्काल दरवाजा बाहर से बंद कर वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घर के भीतर छिपे गुलदार को सुरक्षित पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने कब्जे में ले लिया। हमले में घायल सुरेश चंद्र पांडे को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

घटना के बाद सिमल्टा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में गुलदार की दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में गुलदार की बढ़ती सक्रियता चिंता का विषय है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

फोटो_पिंजरे में कैद हुआ गुलदार एवं घायल व्यक्ति।


Share This Post