चंपावत: ‘जन-जन की सरकार’ शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, डीएम ने सुनीं समस्याएं; 434 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ।

Share This Post

लोहाघाट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत शनिवार को विकासखंड लोहाघाट की ग्राम पंचायत ठाटा में जन-समस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जबकि विभिन्न विभागों ने मौके पर ही सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
शिविर में 434 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया। वहीं ग्राम बटोली निवासी किसान महेश चंद्र को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत खेती-बाड़ी के लिए 50 हजार रुपये का शून्य ब्याज ऋण का चेक प्रदान किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही करना है, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में स्वास्थ्य, आयुष, कृषि, उद्यान, सहकारिता, समाज कल्याण, राजस्व, पंचायतीराज, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, विद्युत, पेयजल और पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही कई सेवाएं मौके पर उपलब्ध कराईं।
शिविर के दौरान सुरक्षा दीवार, पेयजल, सड़क, पुल, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, दिव्यांग प्रमाण-पत्र और मंदिरों के सौंदर्यीकरण सहित विकास कार्यों से जुड़े 25 आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगोली, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, प्रदेश भाजपा मंत्री निर्मल माहरा, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर, ग्राम प्रधान मोहित पाठक, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी नीतू डांगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो   ग्राम पंचायत ठाटा में आयोजित जन-समस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं मौजूद जनप्रतिनिधि।


Share This Post