चंपावत: 75 किलोमीटर की दौड़ पर लगा ब्रेक, देवीधुरा में पहली बार पहुंचा श्रम विभाग का शिविर।

Share This Post

डीएम मनीष कुमार की पहल से ग्रामीणों को बड़ी राहत, अब महीने में दो बार गांव में ही मिलेंगी विभागीय सेवाएं।

देवीधुरा। दूरस्थ देवीधुरा क्षेत्र के ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और श्रम विभाग से जुड़ी सेवाओं के लिए अब 60 से 75 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार की पहल से मंगलवार को देवीधुरा में पहली बार श्रम विभाग का शिविर आयोजित हुआ। शिविर के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोगों ने मौके पर पहुंचकर विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में ग्रामीणों के श्रमिक कार्ड, आधार अपडेट, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल समेत कई जरूरी कार्यों का मौके पर ही समाधान किया गया। लंबे समय से दूरदराज के ग्रामीणों को इन कार्यों के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। शिविर के देवीधुरा पहुंचने से ग्रामीणों को इस परेशानी से बड़ी राहत मिली है।
दरअसल, सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वर बिष्ट ने जनता दरबार में देवीधुरा क्षेत्र में श्रम विभाग का शिविर लगाए जाने की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी थी। डीएम मनीष कुमार ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मांग को जनहित में स्वीकार किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसी का परिणाम है कि अब देवीधुरा क्षेत्र में नियमित रूप से श्रम विभाग की सेवाएं उपलब्ध होंगी।
प्रशासन की ओर से तय व्यवस्था के तहत अब हर माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को श्रम विभाग के अधिकारी देवीधुरा पहुंचेंगे और ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ देने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे। ग्रामीणों ने इसे दूरस्थ क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत बताते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार का आभार जताया।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की यह पहल सरकार की सेवाओं को गांव की चौखट तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल ग्रामीणों का समय और पैसा बचेगा, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी आसानी होगी।

फोटो_ देवीधुरा में पहली बार आयोजित श्रम विभाग के शिविर में ग्रामीणों और श्रमिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करते विभागीय अधिकारी।


Share This Post