चंपावत: पाटी में घर-घर पहुंची पुलिस, स्थानीय बोली में ग्रामीणों को पढ़ाया साइबर ठगी से बचाव का पाठ।

Share This Post

फर्जी लोन से लेकर नौकरी के झांसे तक से किया सावधान, ठगी होते ही 1930 पर कॉल करने की दी सलाह

चंपावत। साइबर ठगी के बढ़ते जाल को तोड़ने के लिए चंपावत पुलिस ने अब गांवों का रुख कर लिया है। ऑपरेशन साइबर सुरक्षा के तहत पाटी थाना पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर लोगों को साइबर अपराधियों के नए-नए हथकंडों से आगाह किया। पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, बच्चों और ग्रामीणों को स्थानीय भाषा-बोली में समझाकर साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए।

पुलिस ने ग्रामीणों को फर्जी लोन, मोबाइल टावर लगाने, कम समय में अधिक मुनाफा कमाने, ऑनलाइन नौकरी दिलाने और अन्य लालच देकर की जाने वाली ठगी से सतर्क किया। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, एटीएम या यूपीआई से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को समय रहते फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा सके।

अभियान के दौरान पुलिस ने MRM और GRM मॉड्यूल के माध्यम से ठगी की रकम वापस पाने की प्रक्रिया की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। इसके साथ ही महिला सुरक्षा, महिला अपराध, बाल श्रम और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया।

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे खुद जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति सचेत करें। पुलिस का संदेश साफ रहा कि जागरूकता ही साइबर ठगी के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है।

फोटो_ पाटी क्षेत्र में ग्रामीणों को स्थानीय भाषा-बोली में साइबर ठगी से बचाव की जानकारी देती पुलिस टीम।


Share This Post