बारिश से क्षतिग्रस्त हुई अप्रोच रोड, पुल सुरक्षित; जांच की जरूरत पड़ी तो होगी जांच।
देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच देहरादून के नंदा की चौकी स्थित पुल की अप्रोच रोड ढहने का मामला सामने आया है। अप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने से देहरादून-पोंटा साहिब मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। मामले को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार विकास कार्यों की गुणवत्ता और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नंदा की चौकी पुल मामले में मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, बल्कि केवल पुल की अप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हुई है, जिसे जल्द ठीक कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क और अन्य निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों को मौके पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि मामले में जांच की आवश्यकता महसूस होती है तो इसकी जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में मजबूत और सुरक्षित आधारभूत ढांचे के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, पुल और अन्य परियोजनाओं में तय मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोका जा सके।
फोटो/बाइट_ पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
