धस्माना बोले– सरकार की तैयारी शून्य, कथनी-करनी में अंतर उजागर।
देहरादून। प्रदेश में प्रत्येक 12 वर्षों में आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध नंदा राजजात धार्मिक यात्रा को अगले वर्ष तक के लिए स्थगित किए जाने पर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने यात्रा के स्थगन को सरकार की विफलता करार देते हुए कई सवाल खड़े किए।
धस्माना ने कहा कि नंदा राजजात जैसी ऐतिहासिक और आस्था से जुड़ी यात्रा का स्थगित होना यह स्पष्ट करता है कि सरकार की ओर से यात्रा को लेकर कोई ठोस तैयारी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जो पार्टी स्वयं को सनातन संस्कृति का रक्षक बताती है, उसी के शासन में इस पवित्र यात्रा का आयोजन न हो पाना उनकी कथनी और करनी के अंतर को उजागर करता है।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि नंदा राजजात केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का प्रतीक है, ऐसे में इसे टालना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
इसके साथ ही उन्होंने माघ मेले के दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा गंगा स्नान न किए जाने के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। धस्माना ने कहा कि यह घटनाक्रम भी सनातन की बात करने वाली भाजपा के वास्तविक चरित्र को उजागर करता है।
फोटो_ सूर्यकांत धस्माना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कांग्रेस
देहरादून: नंदा राजजात यात्रा स्थगित होने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल।
