अमोड़ी/चंपावत, 1अगस्त। सीमांत क्षेत्र अमोड़ी और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए शनिवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। लंबे समय से प्रतीक्षित अमोड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। अस्पताल के शुरू होते ही पहले ही दिन ओपीडी में 20 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि एक मरीज को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
गौरतलब है कि 29 जून को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया था। स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक और फार्मेसी अधिकारी की नियुक्ति कर दी गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने लगा है।
अस्पताल में चार बेड की सुविधा के साथ आवश्यक चिकित्सा उपकरण और पर्याप्त मात्रा में दवाइयाँ उपलब्ध कराई गई हैं। स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से अब क्षेत्र के लोगों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान का कहना है कि अमोड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन शुरू होना क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में इस स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।
शुभारंभ कार्यक्रम में एसडीएम सदर चंपावत समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने अस्पताल के संचालन पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।
फोटो_अमोड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम।
चंपावत: अमोड़ी को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात, पहले ही दिन 20 मरीजों का हुआ उपचार।
