

मुख्यमंत्री धामी के प्रयास लाए रंग, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी मंजूरी; पर्यटन, व्यापार और यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से सीमांत क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से उठ रही मांग को स्वीकार करते हुए केंद्र सरकार ने बनबसा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15093/15094 अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से चंपावत, टनकपुर, बनबसा और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आठ जुलाई 2026 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए बनबसा रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री के अनुरोध पर रेल मंत्रालय ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए बनबसा स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से भेजे गए पत्र में इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा गया है कि इससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही सीमांत क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से जनपद को एक महत्वपूर्ण रेल सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से स्थानीय लोगों को यात्रा में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय सीमांत क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
फोटो_ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से बनबसा रेलवे स्टेशन पर अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी मिलने पर क्षेत्र में खुशी की लहर।




