

लोहाघाट। शराब के नशे में वाहन चलाना एक चालक को भारी पड़ गया। वाहन चेकिंग के दौरान लोहाघाट पुलिस ने नशे में वाहन चलाते चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान वाहन संख्या यूके 03 टीए 1328 को रोका गया। जांच में चालक नरेश सिंह निवासी रायकोट महर, लोहाघाट शराब के नशे में वाहन चलाता मिला। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 185, 202 और 207 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन सीज करने के साथ चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है। कहा कि नशे में वाहन चलाना चालक के साथ ही सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।




