भिंगराड़ा/चंपावत। श्री ऐड़ी बालकृष्ण मेले की तैयारियों के बीच भिंगराड़ा बाजार की बदहाल व्यवस्थाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। बाजार में वर्षों पहले लगाए गए हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि तीन दिवसीय श्री ऐड़ी बालकृष्ण मेले के दौरान उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में व्यापारी और श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इसके बावजूद बाजार में न तो पेयजल की समुचित व्यवस्था है और न ही शौचालय की सुविधा उपलब्ध है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में स्थायी शौचालय नहीं होने के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बाहरी लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जिला पंचायत को कई बार इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष दुकानदारों से कर तो वसूला जाता है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मेले से पहले खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने और शौचालय का निर्माण कराने की मांग की है।
फोटो_भिंगराड़ा बाजार में लंबे समय से खराब पड़ा हैंडपंप।
चंपावत: मेले से पहले भिंगराड़ा बाजार की बदहाल तस्वीर, हैंडपंप ठप और शौचालय का अता-पता नहीं!
