

पारिवारिक कारणों से डॉ. अभिषेक मजूमदार ने छोड़ी सेवा, लोहाघाट की डॉ. मोनिका गिरी को रोस्टर से चंपावत की जिम्मेदारी।
चंपावत। जिला चिकित्सालय में करीब डेढ़ वर्ष से सेवाएं दे रहे स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक मजूमदार ने पारिवारिक परिस्थितियों के चलते इस्तीफा दे दिया है। उनके जाने के बाद अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की सेवाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। अब उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी सप्ताह में तीन दिन चंपावत जिला अस्पताल में सेवाएं देंगी।
एनएचएम के तहत करीब 18 महीने तक जिला अस्पताल में सेवाएं देने वाले डॉ. मजूमदार के कार्यकाल में कई जटिल और संवेदनशील प्रसव कराए गए। पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन निवासी डॉ. मजूमदार ने सीमित संसाधनों के बीच पहाड़ की महिलाओं को स्त्री रोग संबंधी बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अस्पताल प्रशासन ने उनके कार्यकाल को सराहनीय बताया है।
मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चंपावत में रहेंगी डॉ. मोनिका गिरी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि डॉ. मजूमदार के इस्तीफे के बाद महिला मरीजों को विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए रोस्टर तैयार किया गया है। इसके तहत डॉ. मोनिका गिरी मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को जिला चिकित्सालय चंपावत में सेवाएं देंगी। सप्ताह के शेष तीन कार्यदिवसों में वह उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में मरीजों का उपचार करेंगी।
सीएमओ ने कहा कि जिला अस्पताल में आसपास के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं उपचार के लिए पहुंचती हैं। ऐसे में विशेषज्ञ सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने डॉ. मजूमदार के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने पहाड़ की महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
फोटा_ जिला चिकित्सालय।




