

रमक में स्कूली बच्चों को बताए बचाव के उपाय, कैमरा ट्रैप से गुलदार की गतिविधियों पर नजर।
लोहाघाट। पाटी ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज रमक क्षेत्र में गुलदार की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों में दहशत का माहौल है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए भिंगराड़ा वन क्षेत्राधिकारी हिमालय सिंह टोलिया के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने विद्यालय में जागरूकता अभियान चलाया।
वन कर्मियों ने छात्र-छात्राओं को गुलदार से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि स्कूल आते-जाते समय बच्चे समूह में रहें और सुनसान रास्तों पर अकेले जाने से बचें। गुलदार दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और न ही किसी तरह की छेड़छाड़ करें। वन विभाग ने ग्रामीणों से भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की ओर से कैमरा ट्रैप और सेंसर लगाए गए हैं। विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों से गुलदार की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।
फोटो_ राजकीय इंटर कॉलेज रमक में स्कूली बच्चों को गुलदार से बचाव के प्रति जागरूक करते वन विभाग के कर्मचारी।




