चंपावत: सात स्कूलों को इंटर कॉलेज का दर्जा, अब गांव में ही 12वीं तक पढ़ेंगे बच्चे।

Share This Post

मुख्यमंत्री की घोषणा धरातल पर उतरी, इसी सत्र से पढ़ाई शुरू; फुंगर में 19 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश।

चंपावत। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए दूसरे क्षेत्रों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप जिले के सात राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को इंटर कॉलेज का दर्जा दिया गया है। शुक्रवार से सभी विद्यालयों में पढ़ाई भी शुरू हो गई। फुंगर विद्यालय में 19 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से उच्चीकरण का शुभारंभ किया। फुंगर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि विद्यालयों के उच्चीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही 12वीं तक की शिक्षा मिल सकेगी। सभी विद्यालयों में आवश्यक पदों की स्वीकृति मिल चुकी है और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने बताया कि चंपावत विधानसभा क्षेत्र के सल्ली, फुंगर और प्लसों तथा लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के डूंगरालेटी, डूंगराबोरा, पासम और कफड़ा विद्यालयों को उच्चीकृत किया गया है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक बीसी जोशी, एडवोकेट गौरव पांडे सहित शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

फोटो_फुंगर विद्यालय के उच्चीकरण कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ अतिथिगण एवं शिक्षक।


Share This Post