चंपावत: अतिथि सत्कार से देश-दुनिया में बढ़ेगी चंपावत की पहचान, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा।

Share This Post

चंपावत। विश्व प्रसिद्ध देवीधुरा बग्वाल मेले में पहुंचने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं का स्वागत केवल आगंतुकों की तरह नहीं, बल्कि अपने मेहमानों की तरह किया जाए। श्रद्धालु यहां से सुखद अनुभव और चंपावत की अच्छी यादें लेकर लौटें, ताकि भविष्य में वे दूसरों को भी इस ऐतिहासिक मेले में आने के लिए प्रेरित करें। यह अपील जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिलेवासियों से की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि देवीधुरा का बग्वाल मेला अपनी अनूठी परंपराओं, समृद्ध संस्कृति और गहरी आस्था के कारण देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है। यह आयोजन केवल मॉडल जिला चंपावत की पहचान नहीं, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का भी अहम हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि मेले में पहुंचने वाले हर श्रद्धालु के साथ आत्मीयता, सम्मान और सहयोग की भावना से व्यवहार किया जाना चाहिए। ऐसा स्वागत और सत्कार हो कि श्रद्धालु चंपावत की खूबसूरत यादें अपने साथ लेकर जाएं और यहां के ब्रांड एंबेसडर बनकर अन्य लोगों को भी देवीधुरा आने के लिए प्रेरित करें।
डीएम मनीष कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं का सकारात्मक अनुभव चंपावत में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देगा। इससे जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि देवीधुरा आने वाला हर अतिथि चंपावत की अच्छी छवि लेकर लौटे, यही जिलेवासियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

फोटो_देवीधुरा बग्वाल मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के आत्मीय स्वागत की अपील करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post