

भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी, कक्षा 1 से 12 तक सभी विद्यालयों में अवकाश
चंपावत। मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार, 26 सितंबर को चंपावत जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है। जिले में कहीं भारी से बहुत भारी तो कहीं अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को जिले के कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश की आशंका है। अतिवृष्टि के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और अन्य आपदाजनित परिस्थितियों की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
अपर जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कृष्ण नाथ गोस्वामी ने बताया कि आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कल 26 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतरता बनाए रखने के लिए विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा। आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की ओर न जाने की अपील की है।




