

बारिश थमते ही छह किमी सड़क पर होगा डामरीकरण, गड्ढों और कीचड़ से परेशान शहरवासियों को राहत की उम्मीद।
चंपावत। पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई शहर की करीब छह किलोमीटर सड़क अब जल्द दुरुस्त होगी। लंबे समय से गड्ढों, कीचड़ और धूल से परेशान शहरवासियों को राहत देने के लिए शुक्रवार को खटकना पुल के पास सड़क मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। कार्य का शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
शहर में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई स्थानों पर सड़क की कटिंग की गई थी। इसके चलते सड़क की हालत खराब हो गई और लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही थी। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा होने से स्थिति और खराब हो गई। वहीं, बारिश थमने पर धूल उड़ने से राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क कटिंग जरूरी थी। नागरिकों की परेशानी को देखते हुए सड़क की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जा रही है। बारिश के दौरान डामरीकरण संभव नहीं है। मौसम साफ होते ही आवश्यक बेस तैयार कर डामरीकरण कराया जाएगा। सितंबर में बारिश थमने के बाद कार्य में तेजी लाई जाएगी।
शहरी क्षेत्र में यूयूएसडीए के माध्यम से पेयजल पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। योजना से शहर की पेयजल व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। पाइपलाइन कार्य से प्रभावित सड़कों की मरम्मत के लिए भी कार्ययोजना तैयार की गई है।
नेशनल हाईवे के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता ने बताया कि सड़क के दोनों ओर पाइपलाइन संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। प्रभावित हिस्सों में मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है। करीब छह किलोमीटर सड़क की स्थिति को देखते हुए आवश्यक मरम्मत और निर्माण की कार्ययोजना तैयार की गई है। अतिरिक्त खर्च का प्रस्ताव संबंधित पक्ष को भेज दिया गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक साइनेज लगाए गए हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के साथ कार्य की दैनिक समीक्षा की जा रही है।
सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों को उम्मीद है कि बारिश थमते ही डामरीकरण का काम शुरू होगा और शहर की लंबे समय से खराब पड़ी सड़कें जल्द आवागमन के लिए बेहतर हो सकेंगी।
फोटो_खटकना पुल के पास पूजा-अर्चना के साथ सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करते जनप्रतिनिधि।




