चंपावत: नाबार्ड पॉलीहाउस योजना से किसानों की बढ़ेगी आय।

Share This Post

चंपावत में 130 किसानों के आवेदन, बारिश थमते ही शुरू होगी पॉलीहाउस स्थापना।

चंपावत, 08 सितम्बर। किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए संचालित नाबार्ड पॉलीहाउस योजना के तहत जिले में अब तक 130 कृषकों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। बारिश थमने के बाद पॉलीहाउस स्थापना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि पॉलीहाउस के माध्यम से किसानों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से बचाते हुए संरक्षित वातावरण में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन का अवसर मिलेगा। उन्होंने उद्यान विभाग को पात्र किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए हैं।योजना के तहत 50, 100 और 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के पॉलीहाउस स्थापित किए जाएंगे। किसान कम क्षेत्रफल में सब्जियों एवं अन्य उद्यान फसलों का उत्पादन कर आय बढ़ा सकेंगे।

जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया ‘अपणी सरकार’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन है। योजना में किसान को 20 प्रतिशत अंशदान देना होगा। अनुमान के अनुसार 50 वर्ग मीटर पॉलीहाउस के लिए करीब 19 हजार और 100 वर्ग मीटर के लिए करीब 35 हजार रुपये अंशदान निर्धारित है। इच्छुक किसान निकटतम उद्यान सचल दल केंद्र या जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

फोटो_पॉलीहाउस का निरीक्षण करते उद्यान विभाग के अधिकारी।


Share This Post