कुंभ स्नान को हरिद्वार जाएंगे चंपावत के वरिष्ठ नागरिक।

Share This Post

14 जनवरी के प्रथम स्नान में होंगे शामिल, 30 से 40 लोगों का दल भेजने की तैयारी।

चंपावत। हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले में चंपावत के वरिष्ठ नागरिक भी गंगा स्नान करेंगे। 14 जनवरी 2027 को होने वाले प्रथम स्नान के लिए जिले से करीब 30 से 40 वरिष्ठ नागरिकों का दल हरिद्वार भेजा जाएगा। जिला प्रशासन ने यात्रा में शामिल होने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों से आवेदन मांगे हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रदेश के प्रत्येक जिले से वरिष्ठ नागरिकों का दल कुंभ के प्रथम स्नान के लिए हरिद्वार भेजा जाना प्रस्तावित है।

चंपावत से भी चयनित वरिष्ठ नागरिक इस यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की यह यात्रा पर्यटन विभाग की दीन दयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत आयोजित की जा रही है। हरिद्वार कुंभ के प्रथम स्नान में शामिल होने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिक अपना आवेदन जिला पर्यटन कार्यालय, चंपावत में जमा कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यात्रा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थाटन के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रशासन की इस पहल से जिले के वरिष्ठ नागरिकों को कुंभ के प्रथम स्नान में शामिल होने का अवसर मिलेगा।


Share This Post