

वायरल फीवर, बुखार, खांसी-जुकाम की शिकायतों के बीच गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम, 11 ब्लड सैंपल लिए
चंपावत। ग्राम प्रधान पीपलढिंग के प्रार्थना पत्र तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी के दिशानिर्देश एवं एसीएमओ/एमओआईसी पीटी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को ग्राम पीपलढिंग में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। गांव में वायरल फीवर, बुखार, खांसी और जुकाम से ग्रामीणों के पीड़ित होने की जानकारी के बाद विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और उपचार की व्यवस्था की।
शिविर में डॉ. सौरभ ने 56 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। फार्मेसी अधिकारी योगेश कन्नौजिया ने मरीजों को आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। सीएचओ, सिस्टर एवं एएनएम ने एनसीडी जांच के साथ पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की।
लैब टेक्नीशियन अंकित (चंदन लैब) ने 11 ब्लड सैंपल लिए। इनमें टाइफाइड डॉट, सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, डेंगू और मलेरिया सहित विभिन्न जांच शामिल रहीं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम और आशा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी देने के साथ क्लोरीन का वितरण भी किया। ग्रामीणों को वायरल फीवर और बुखार की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, स्वच्छता तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य टीम के आवागमन में चालक मोती सिंह ने समय पर पहुंचकर विशेष सहयोग दिया।
इसके अलावा ग्रामसभा पीपलढिंग के तोक फूलरकोट में भी स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जहां 12 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य जांच, उपचार और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हो सकीं।
फोटो_पीपलढिंग में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करते स्वास्थ्य विभाग की टीम।




