चंपावत: सहयोग सहकारिता रीठा की द्वितीय वार्षिक आमसभा संपन्न।

Share This Post

सदस्यों को बांटा गया ₹39,600 का लाभांश।

चंपावत। आईफैड द्वारा वित्त पोषित ग्रामोत्थान परियोजना रीप एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से पाटी विकासखंड में संचालित सहयोग स्वायत्त सहकारिता रीठा की द्वितीय वार्षिक आमसभा गुरुद्वारा रीठासाहिब में अध्यक्ष इंद्रा कुल्याल की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
आमसभा में सहकारिता की व्यावसायिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी दी गई। बिजनेस प्रमोटर बबलू बिष्ट ने बताया कि बोर्ड के निर्णय के अनुसार इस वर्ष के कुल लाभांश का 80 प्रतिशत यानी ₹39,600 शेयरधारक सदस्यों को वितरित किया जाएगा।

मुख्य अतिथि विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने महिलाओं के स्वरोजगार, उद्यमिता विकास और आजीविका संवर्धन के लिए संचालित योजनाओं की सराहना की। उन्होंने महिलाओं से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस दौरान सात सदस्यीय निदेशक मंडल का पुनर्गठन करते हुए इंद्रा कुल्याल को पुनः अध्यक्ष चुना गया। विधायक ने निदेशक मंडल को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई।
रीठासाहिब कोतवाली के थानाध्यक्ष भुवन आर्या ने साइबर ठगी, अपराध एवं महिला हिंसा की रोकथाम को लेकर जागरूक किया। बीएमएम रमेश पाटनी ने एनआरएलएम की गतिविधियों और दायित्वों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में ग्रामोत्थान के सहायक प्रबंधक प्रकाश पाठक, सचिन चंखवान, नीरज पंत, समन्वयक कुलदीप भट्ट सहित जनप्रतिनिधि, शेयरधारक और 150 से अधिक सदस्य मौजूद रहे।

फोटो_आमसभा को संबोधित करते विधायक खुशाल सिंह अधिकारी एवं सहकारिता की अध्यक्ष इंद्रा कुल्याल तथा उपस्थित प्रतिभागी।


Share This Post