चंपावत में 587 मरीजों ने लिया विशेषज्ञ इलाज का लाभ।

Share This Post

अपोलो हॉस्पिटल दिल्ली की टीम ने तीन दिन जिला अस्पताल में दी सेवाएं।

चंपावत। पहाड़ों में विशेषज्ञ इलाज की कमी के बीच जिला अस्पताल में तीन दिन तक बड़े अस्पताल जैसी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहीं। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 587 मरीजों की जांच की गई। अपोलो हॉस्पिटल नई दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों की जांच की और बीमारी के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

शिविर में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, नेफ्रोलॉजी और जनरल मेडिसिन के विशेषज्ञों ने मरीजों को देखा। हृदय, दिमाग, हड्डी और किडनी से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों की जांच के साथ ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी, बीएमडी और पीएफटी जैसी जांचें भी की गईं। दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों को एक ही जगह विशेषज्ञ डॉक्टर और जांच की सुविधा मिली।
विशेषज्ञ चिकित्सकों तक पहुंच की रहती है। गंभीर बीमारी की स्थिति में उन्हें अक्सर बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में जिला अस्पताल में अपोलो दिल्ली के विशेषज्ञों की मौजूदगी ने मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ परामर्श का अवसर दिया। दूर-दराज से पहुंचे मरीजों की जांच के साथ उन्हें आगे के उपचार को लेकर भी चिकित्सकीय सलाह मिली।

स्वास्थ्य सलाहकार डॉ. आनंद रतूड़ी ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय जिलों में इस तरह के विशेषज्ञ शिविर मरीजों के लिए विशेष रूप से उपयोगी हैं। इससे लोगों को अपने जिले में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और आवश्यक जांच की सुविधा मिलती है।

उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान और स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना की।

सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेषज्ञ सेवाओं को जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का उद्देश्य यही है कि दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को समय पर जांच और विशेषज्ञ परामर्श मिल सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों से मरीजों को समय और खर्च दोनों में राहत मिलती है।

फोटो_ जिला अस्पताल में मरीजों की जांच करते अपोलो हॉस्पिटल नई दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सक।


Share This Post