

लोहाघाट। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उपजिला चिकित्सालय परिसर में धरना दे रहीं आशा कार्यकर्ताओं के आंदोलन को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समर्थन दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे और आशाओं की मांगों को जायज बताते हुए उनके संघर्ष में साथ खड़े रहने की बात कही।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है। गांव-गांव जाकर महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी और सहायता पहुंचाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को अपनी मांगों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से आशा कार्यकर्ताओं की मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान निकालने की मांग की। साथ ही कहा कि लंबे समय से सेवा दे रही आशा कार्यकर्ताओं की समस्याओं की अनदेखी करने के बजाय सरकार को उनके साथ संवाद कर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
इस दौरान मुन्ना ढेक, अनंत साह, रंजीत अधिकारी, जीवन बिष्ट, लोकेश पांडेय, हरीश राय, केदार मेहरा, वीएन शर्मा, अनिल, रोहन मेहरा, करण ताम्टा, ओंकार धोनी और प्रमोद मुरारी समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो_आशा कार्यकर्ताओं के धरना स्थल पर समर्थन देते कांग्रेस कार्यकर्ता।




