

पंचकर्म, मर्म चिकित्सा, लीच थेरेपी और शिरोधारा समेत कई उपचार सुविधाएं उपलब्ध
चंपावत। जिले में आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं को विस्तार देने की दिशा में नई पहल हुई है। नगर में आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र का शुभारंभ होने के साथ ही तीन दिवसीय विशाल आयुर्वेद चिकित्सा शिविर शुरू हो गया। शिविर में पहले दिन ही बड़ी संख्या में मरीज उपचार और चिकित्सकीय परामर्श के लिए पहुंचे।
मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित कर केंद्र और शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू हुआ आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र जिलेवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। इससे आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।
विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि के मंदिर में दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुई। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. सुधाकर गंगवार ने किया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश बसेड़ा, डॉ. आनंद सिंह, डॉ. गिरेंद्र चौहान समेत अन्य चिकित्सकों ने अतिथियों का स्वागत किया।
शिविर में शल्य चिकित्सा, शालाक्य, बाल रोग, पंचकर्म, मर्म चिकित्सा, लीच थेरेपी और शिरोधारा समेत विभिन्न उपचार पद्धतियों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में मरीजों को उपचार और परामर्श दिया जा रहा है।
डॉ. प्रकाश बसेड़ा ने कहा कि विभाग का उद्देश्य आयुर्वेद चिकित्सा को आम लोगों तक पहुंचाकर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की दिशा में काम करना है। नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य रश्मि रावत ने आयुर्वेद चिकित्सा की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस दौरान प्रभात तिवारी और लोकमणि पंत ने भी विचार रखे।
शिविर के संचालन में सर्जन डॉ. भास्कर, डॉ. मुंशीलाल गोड़े, डॉ. नमिता अग्रवाल, डॉ. जेवा मलिक, डॉ. उमेश भारती, डॉ. सुमन कनौजिया, डॉ. सुभाष राणा, डॉ. अमरनाथ, डॉ. इकरा खान, डॉ. विनोद, डॉ. हर्ष पोखरिया, डॉ. कमल कुमार, डॉ. अशोक नगरकोटी, डॉ. विनोद कुमार, उपेंद्रनाथ गुप्ता समेत अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी सहयोग कर रहे हैं।
फोटो_आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथि।



