चंपावत: शिविर लगा, लेकिन जनप्रतिनिधि को खबर तक नहीं!

Share This Post

जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा ने उठाए सवाल- जनता की समस्याएं कौन रखता अधिकारियों के सामने?

जनकांडे/चंपावत। जनता की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए पिपलाठी में बहुद्देशीय शिविर लगा, लेकिन जिस क्षेत्र के निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य को जनता की समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचानी थीं, उन्हें शिविर की सूचना तक नहीं दी गई। जिला पंचायत जनकांडे के ग्राम पंचायत हॉल पिपलाठी में आयोजित शिविर को लेकर जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा ने प्रशासन के सूचना तंत्र पर सवाल उठाए हैं।

माहरा ने कहा कि क्षेत्र का निर्वाचित प्रतिनिधि होने के बावजूद उन्हें शिविर की जानकारी नहीं दी गई। जबकि ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों से संपर्क करते हैं और ऐसे शिविर उनके लिए समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम होते हैं।

उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलती तो क्षेत्र की सड़क, पेयजल, बिजली, आवास, पेंशन समेत अन्य जनसमस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा जा सकता था। ऐसे में सवाल यह है कि जब निर्वाचित जनप्रतिनिधि को ही शिविर की जानकारी नहीं होगी तो क्षेत्र की जनता से जुड़े कई जरूरी मुद्दे अधिकारियों तक कैसे पहुंचेंगे?

माहरा ने कहा कि सरकार की मंशा यदि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनता की समस्याओं का समाधान करने की है तो प्रशासनिक स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय भी जरूरी है। जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों से अलग रखकर जनता की समस्याओं का पूरा फीडबैक हासिल करना मुश्किल हो सकता है।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी अधिकारी या विभाग से टकराव पैदा करना नहीं है। वह प्रशासन के साथ मिलकर जनता के हित में काम करना चाहते हैं। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि क्षेत्र में होने वाले महत्वपूर्ण जनहित के कार्यक्रमों की सूचना निर्वाचित प्रतिनिधियों को समय पर दी जाए।

जिला पंचायत सदस्य ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में जनकांडे क्षेत्र में आयोजित होने वाले बहुद्देशीय शिविरों और अन्य जनहित के कार्यक्रमों की सूचना संबंधित जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनता की समस्याओं को मौके पर अधिकारियों के सामने रखा जा सके और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति मिल सके।

फोटो_ जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा।


Share This Post