

नायकखेड़ा में 800 वर्गमीटर भूमि पर होगा निर्माण, आवारा पशुओं से राहत और सड़क हादसों पर अंकुश की उम्मीद
चंपावत। बनबसा क्षेत्र में सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के लिए 1 करोड़ 14 लाख 60 हजार रुपये की लागत से गौशाला का निर्माण किया जाएगा। नगर पंचायत बनबसा के लिए 75 गोवंश की क्षमता वाली गौशाला को विभागीय व्यय समिति ने मंजूरी दे दी है। गौशाला का निर्माण टनकपुर क्षेत्र के नायकखेड़ा गांव में नगर पंचायत की 800 वर्गमीटर भूमि पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में स्वीकृत इस परियोजना से निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिलने के साथ ही सड़कों पर पशुओं के जमावड़े से होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है। आवारा पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में भी गौशाला मददगार साबित हो सकती है।
शुक्रवार को उत्तराखंड शासन के पशुपालन विभाग के सचिव की अध्यक्षता में हुई विभागीय व्यय समिति की बैठक में निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि गोवंश संरक्षण और जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौशाला निर्माण की अग्रिम कार्यवाही नियमानुसार पूरी करने और निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौशाला निर्माण की स्वीकृति से अब इसके धरातल पर उतरने का इंतजार है। इसके शुरू होने से क्षेत्र में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और आवारा पशुओं की समस्या के समाधान में मदद मिलने की उम्मीद है।
फोटो_मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।




