चंपावत: चुनाव से पहले स्ट्रॉन्ग रूम की तैयारी परखने उतरे डीएम, सुरक्षा इंतजामों पर जोर।

Share This Post

चंपावत। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों की निगरानी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को गोरलचौड़ मैदान के निकट प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्ट्रॉन्ग रूम में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन उपकरणों तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। मतगणना कक्षों में टेबलों की स्थिति, बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्गों, पार्किंग तथा निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्थाएं भी परखी गईं।

उन्होंने अधिकारियों को प्रस्तावित स्थल का तकनीकी आकलन कर कार्ययोजना तैयार करने और पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था व साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी निर्वाचन कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें और तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करें।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बीसी पंत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

फोटो_गोरलचौड़ में प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post