चंपावत: वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त और भाजपा सरकार का पुतला फूंका!

Share This Post

मोटर स्टेशन पर नारेबाजी कर इस्तीफे की मांग उठाई, बाद में मासिक बैठक में संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन।

लोहाघाट। कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी चंपावत ने शुक्रवार को मोटर स्टेशन लोहाघाट में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से इस्तीफे की मांग उठाई।

क्लिप_मोटर स्टेशन लोहाघाट में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताते जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में धांधली और वोट चोरी जैसे मुद्दे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मताधिकार की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना जरूरी है। कांग्रेस ने स्वस्थ लोकतंत्र और चुनावी पारदर्शिता के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
इसके बाद कांग्रेस कार्यालय लोहाघाट में जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव रखे।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया। साथ ही आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

फोटो_ मोटर स्टेशन लोहाघाट में पुतला दहन कर विरोध जताते कांग्रेस कार्यकर्ता।


Share This Post