

पाटी के रौलमेल में सरस्वती स्वयं सहायता समूह की पहल, महिलाओं के साथ पुरुषों ने भी संभाला कारोबार; छह लाख की सरकारी मदद से शुरू हुआ स्वरोजगार।
चंपावत। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार की संभावनाओं को महिलाएं किस तरह नई दिशा दे सकती हैं, इसकी मिसाल पाटी विकासखंड के रौलमेल क्षेत्र में देखने को मिली है। यहां सरस्वती स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने पुरुषों के सहयोग से करीब 10 लाख रुपये की लागत से आधुनिक फूड वैन कारोबार शुरू किया है। इस पहल से समूह की महिलाओं को रोजगार मिलने के साथ परिवार की आमदनी बढ़ाने का रास्ता भी खुला है।
ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग से शुरू किए गए इस उद्यम में महिलाओं के साथ स्थानीय पुरुषों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई है। कारोबार शुरू करने के लिए समूह को ग्रामोत्थान परियोजना से छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली। वहीं, तीन लाख रुपये बैंक ऋण और एक लाख रुपये समूह ने अपने स्तर से जुटाए।
फूड वैन के जरिए क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लोगों को फास्ट फूड उपलब्ध कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों में भी इस पहल को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इससे समूह से जुड़ी महिलाओं को नियमित आमदनी का अवसर मिला है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ग्रामीण
आजीविका योजनाओं के तहत यह पहल स्वरोजगार और सामूहिक प्रयासों की एक मिसाल बनकर सामने आई है। रौलमेल की महिलाओं ने साबित किया है कि सरकारी सहयोग, मेहनत और आपसी सहभागिता से गांवों में भी रोजगार के नए अवसर खड़े किए जा सकते हैं।
फोटो_ रौलमेल में सरस्वती स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और पुरुषों के सहयोग से संचालित फूड वैन।




