कीवी की खेती से बदलेगी पहाड़ के किसानों की तकदीर, चंपावत बनेगा उत्पादन का हब।

Share This Post

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कीवी महोत्सव का शुभारंभ कर किसानों को दिया उत्पादन बढ़ाने का संदेश।

चंपावत। पहाड़ में खेती को लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में कीवी महोत्सव एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार और दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया।

जिला योजना के तहत करीब दो करोड़ रुपये से इस वर्ष 24 एकड़ क्षेत्र में कीवी उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। महोत्सव में पांच जनपदों के प्रगतिशील किसानों ने अनुभव साझा किए। नौ स्टॉलों पर स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन हुआ और करीब 40 हजार रुपये की कीवी की बिक्री हुई।

बाइट_जिलाधिकारी मनीष कुमार

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने के लिए बागवानी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। चंपावत की जलवायु कीवी उत्पादन के अनुकूल है। किसानों को उत्पादन के साथ पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन पर भी ध्यान देना होगा। कीवी के साथ सेब उत्पादन और मौनपालन अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। इससे गांवों में स्वरोजगार और रिवर्स पलायन को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रतियोगिता में मनोज कोरंगा प्रथम, रमेश चंद्र खर्कवाल द्वितीय और पीतांबर गहतोड़ी तृतीय रहे। जिलाधिकारी ने तीनों को प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट सहित अधिकारी और किसान मौजूद रहे।

फोटो_कीवी उत्पादन एवं खेती की संभावनाओं को लेकर किसानों से जानकारी लेते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post