चंपावत: दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाइयों के छह संदिग्ध नमूने जांच को भेजे।

Share This Post

मॉल्स और मिठाई प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण, अधिक रंग वाले चिप्स मौके पर हटवाए।

चंपावत। दीपावली के त्योहार पर मिलावटखोरी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। बुधवार को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में मॉल्स, मेगा स्टोर्स और मिठाई की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान खोया बर्फी, मिल्क केक और शक्करपारा समेत मिठाइयों के छह संदिग्ध नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड और जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रखरखाव, स्वच्छता और एफएसएसएआई लाइसेंस की जांच की गई। एक मॉल में अधिक रंगयुक्त खुले चिप्स मिलने पर उन्हें तत्काल हटवाया गया। संबंधित प्रतिष्ठान प्रबंधन को भी निर्देश जारी किए गए।

विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता सामने आने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी गई कि त्योहार के नाम पर उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान में सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे।

फोटो_ खाद्य प्रतिष्ठान का निरीक्षण करतीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी।


Share This Post