

डीएम मनीष कुमार ने की तैयारियों की समीक्षा, 9 नवंबर के आयोजन को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
चंपावत। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नौ नवंबर को आयोजित होने वाले समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से शिविर लगाए जाएंगे। इनमें आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा।
बुधवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से अब तक की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभागीय शिविरों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। शिविरों में केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित न रहें, बल्कि पात्रता और आवेदन प्रक्रिया भी विस्तार से समझाएं, ताकि जरूरतमंद लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों की रूपरेखा समय से तैयार करने तथा सभी कार्यक्रम आपसी समन्वय से आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी, जल निगम के अधिशासी अभियंता अशोक स्वरूप, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरपी डोभाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता और यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो_ राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।




