चंपावत: गुलदार ने बुझाया घर का चिराग, 10 लाख की मदद लेकर पहुंचा वन विभाग।

Share This Post

13 साल के हर्षित की मौत से दहला सुई डुंगरी, पहले से थी गुलदार की दहशत; अब पिंजरा, ड्रोन और कैमरों से निगरानी।

लोहाघाट। सुई डुंगरी गांव में गुलदार के हमले ने एक हंसते-खेलते परिवार की दुनिया उजाड़ दी। 13 वर्षीय हर्षित पुजारी की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में खौफ का माहौल है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब गांव में कई दिनों से गुलदार की सक्रियता की सूचना वन विभाग को दी जा रही थी, तब समय रहते सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए? मासूम की मौत के बाद अब वन विभाग ने पिंजरा लगाने, ड्रोन और ट्रैप कैमरों से निगरानी करने तथा गश्त बढ़ाने की कार्रवाई शुरू की है।

बुधवार शाम गंगादत्त पुजारी का बेटा हर्षित रायकोट मेला देखकर घर लौट रहा था। घर से महज 30 मीटर पहले घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे बाद रात 9:30 बजे उसका शव घर से नीचे खेतों में मिला। कक्षा सात में पढ़ने वाला हर्षित दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

घटना के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लोहाघाट पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग को तत्काल सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। गुरुवार को डीएफओ ढीनो पुरुषोत्तम और एसडीएम नीतू डांगर ने परिवार से मुलाकात कर वन विभाग की ओर से 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

मौत के बाद सुरक्षा का घेरा

वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा स्थापित कर दिया है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे और ड्रोन लगाए गए हैं। विशेष वनकर्मियों की तैनाती के साथ शाम की गश्त भी बढ़ाई गई है। डीएफओ ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विभाग गंभीरता से काम कर रहा है। ग्रामीणों से रात में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

ग्रामीणों की मांग—सिर्फ मुआवजा नहीं, सुरक्षा भी चाहिए

ग्रामीणों का आरोप है कि गुलदार की आवाजाही को लेकर पहले ही वन विभाग को सूचना दी गई थी और पिंजरा लगाने की मांग उठाई गई थी। इसके बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ा सवाल अपने बच्चों और परिवारों की सुरक्षा का है। 10 लाख रुपये की सहायता परिवार के जख्मों पर मरहम तो नहीं लगा सकती, लेकिन भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए वन विभाग को ठोस और स्थायी कदम उठाने होंगे।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार, ग्राम प्रधान सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो_ हर्षित के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करते डीएफओ और एसडीएम।


Share This Post