

राज्य स्थापना दिवस पर आंदोलनकारियों, प्रगतिशील किसानों और जनसेवा कर्मियों का सम्मान; विकास पुस्तिका का विमोचन
चंपावत। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ सोमवार को जिला मुख्यालय में उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाई गई। जिला सभागार में आयोजित समारोह में राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को भी सम्मान मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में समां बांधा। इस दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन भी किया गया।
समारोह में राज्य आंदोलनकारी बसंत सिंह तड़ागी, शंकर पांडे सहित वरिष्ठ आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। आंदोलनकारी श्याम नारायण पांडे और नवीन मुरारी ने राज्य निर्माण के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उत्तराखंड लंबे आंदोलन और बलिदानों का परिणाम है। राज्य की अस्मिता और आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करना सभी की जिम्मेदारी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने आंदोलनकारियों के योगदान को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बेहतर उत्पादन और नवाचार करने वाले पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग की ओर से मुकेश सिंह बोहरा को गौपालन के लिए 36 हजार रुपये तथा जीवनी देवी और रश्मि पांडे को बकरी पालन के लिए 35-35 हजार रुपये की सहायता दी गई। यूपीसीएल के दो लाइनमैन, 10 पर्यावरण मित्र, तीन पंप ऑपरेटर और पांच गैंगमैन सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित साहसी बालिका माया कांडपाल को विशेष सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
समारोह में दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, रोहित बिष्ट, हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे। संचालन जीवन चंद्र कलौनी ने किया।
फोटो_राज्य स्थापना दिवस पर आंदोलनकारियों को सम्मानित करते जनप्रतिनिधि एवं जिलाधिकारी।




