चंपावत: लोहाघाट के 10 मंदिरों का होगा कायाकल्प, 2.20 करोड़ मंजूर।

Share This Post

मुख्यमंत्री धामी की घोषणा पर शासन की मुहर, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संवारने की पहल।

चंपावत। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के 10 मंदिरों का संरक्षण और संवर्धन किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत शासन ने इन कार्यों के लिए 2 करोड़ 20 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार और सुविधाओं के विकास का रास्ता साफ हो गया है।

‘आदर्श चंपावत’ की परिकल्पना के तहत जिले की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में यह पहल की गई है। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 285/2026 के क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शासनादेश जारी किया गया है। स्वीकृत धनराशि चालू वित्तीय वर्ष में मुख्यमंत्री घोषणा मद से उपलब्ध कराई जाएगी।

शासनादेश के मुताबिक जिलाधिकारी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार धनराशि कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराएंगे। कार्य शुरू करने से पहले विस्तृत आगणन और मानचित्र को तकनीकी स्वीकृति लेनी होगी। निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और प्रत्येक तीन माह में प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाएगी।

कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट लगाकर स्वीकृत धनराशि, कार्यदायी संस्था और निर्माण की समयसीमा का विवरण भी सार्वजनिक किया जाएगा।

फोटो_पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री (उत्तराखंड)


Share This Post