

समान वेतन और 365 दिन रोजगार की मांग पर सामूहिक अवकाश लेकर धरने पर बैठे जवान, सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग।
चंपावत। सरकारी कार्यालयों से लेकर अस्पतालों तक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालने वाले पीआरडी जवानों के एक दिन सामूहिक कार्य बहिष्कार पर रहने से सरकारी कार्यालयों में उनकी कमी साफ नजर आई। समान कार्य के लिए समान वेतन और सालभर रोजगार की मांग को लेकर प्रांतीय रक्षक दल के जवानों ने सामूहिक अवकाश लेकर धरना दिया।
जवानों का कहना है कि वे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तरह ही जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। कार्यालयों में समय की पाबंदी से लेकर अधिकारियों के बुलावे पर कभी भी ड्यूटी देने तक वे हर जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उचित मानदेय और पूरे साल रोजगार का लाभ नहीं मिल रहा है। चतुर्थ श्रेणी के पद मृत संवर्ग घोषित होने के बाद उनसे कई तरह के कार्य लिए जा रहे हैं, लेकिन वेतन के मामले में लगातार अनदेखी की जा रही है।
पीआरडी हित संगठन के अध्यक्ष भैरव दत्त जोशी ने कहा कि जवानों का कार्य बहिष्कार पूरी तरह सफल रहा। जवान आंदोलन करना नहीं चाहते, लेकिन लंबे समय से मांगों की अनदेखी होने के कारण उन्हें मजबूरन यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने सरकार से समान वेतन और 365 दिन रोजगार की मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
फोटो_ सामूहिक कार्य बहिष्कार कर समान वेतन और 365 दिन रोजगार की मांग उठाते पीआरडी जवान।




