

सुलभ शौचालय के पास हादसा, एक घंटे तक मौके पर फंसा रहा ट्रैक्टर; शाम सात बजे बाद पुलिस की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल।
चंपावत। नगर के व्यस्त शांता बाजार में शुक्रवार को एक बेकाबू ट्रैक्टर ने ऐसा कहर बरपाया कि कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सुलभ शौचालय के पास ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी तीन बाइकों को टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान पास में पानी भर रहा एक युवक भी ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाल-बाल बचा। ट्रैक्टर को अपनी ओर तेजी से आता देख युवक ने भागकर जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर की रफ्तार इतनी तेज थी कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गनीमत रही कि उसने समय रहते वहां से दौड़ लगा दी। वरना तीन बाइकों के नुकसान की यह घटना किसी की जान भी ले सकती थी।
हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बाद ट्रैक्टर करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर ही फंसा रहा। इस दौरान लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस घटना ने चंपावत बाजार की यातायात व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शाम सात बजे के बाद बाजार में पुलिस दिखाई नहीं देती। ऐसे में भारी वाहन किसकी निगरानी में और किन नियमों के तहत बाजार में दौड़ रहे हैं, यह बड़ा सवाल है। यदि बाजार में पुलिस की नियमित गश्त होती और यातायात व्यवस्था पर निगरानी रहती तो शायद इस तरह की लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सकता था।
फोटो_सुलभ शौचालय में घुसा बेकाबू ट्रैक्टर ।




