जयपुर के कला मंच पर चमकी चंपावत की संजना, ऐपण से देश को दिखाई उत्तराखंड की सांस्कृतिक ताकत।

Share This Post

108 कलाकृतियों के बीच संजना सिंह ने पेश की उत्तराखंड की पारंपरिक कला की झलक, राष्ट्रीय मंच पर चंपावत की संस्कृति ने दर्ज कराई मौजूदगी।

चंपावत। उत्तराखंड की पारंपरिक लोककला ऐपण को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में चंपावत की संजना सिंह ने उल्लेखनीय सहभागिता की है। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी चंपावत कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त) की पत्नी संजना सिंह ने जयपुर के जवाहर कला केंद्र में आयोजित तीन दिवसीय भारतीय लोक कला प्रदर्शनी में उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला का प्रदर्शन किया।
20 से 22 नवंबर तक आयोजित इस प्रदर्शनी का आयोजन KalaDhwani Art Foundation की ओर से किया गया।

20 नवंबर को समाजसेवी एवं Pink Womaniya Club की निदेशक कनु मेहता ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में देशभर के उभरते कलाकारों से लेकर प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं राज्य पुरस्कार प्राप्त कलाकारों और पद्मश्री सम्मानित कलाकारों की लगभग 108 कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं।

प्रदर्शनी में मिथिला, मधुबनी, गोदना, तंजौर, टिकुली, पिछवाई और केरल की पट्टचित्र कला सहित देश की विभिन्न पारंपरिक लोककला शैलियों को स्थान दिया गया। इसी मंच पर संजना सिंह ने उत्तराखंड की विशिष्ट ऐपण कला के जरिए प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को प्रस्तुत किया।

ऐपण उत्तराखंड की पारंपरिक लोककला है, जिसका धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में विशेष महत्व है। संजना सिंह की इस सहभागिता से चंपावत की पारंपरिक कला प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर मंच मिला। जयपुर में उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किए जाने से जिले का नाम भी रोशन हुआ।

फोटो_जयपुर के जवाहर कला केंद्र में उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला प्रदर्शित करतीं संजना सिंह।


Share This Post