95% से अधिक मैपिंग पूरी, 2780 संदिग्ध/अप्रासंगिक मतदाताओं की पहचान—पारदर्शिता के लिए BLA-2 और BAG पर जोर।
चंपावत। जनपद में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की रणनीति, मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2003 की मूल नामावली और वर्तमान मतदाता सूची के बीच BLO ऐप के माध्यम से की गई मैपिंग में जनपद ने 95.08 प्रतिशत की उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है।
उन्होंने जानकारी दी कि लोहाघाट और चम्पावत विधानसभा क्षेत्रों के 344 मतदेय स्थलों पर मृत, अनुपस्थित और अन्यत्र स्थानांतरित (ASD) मतदाताओं की पहचान कर ली गई है, जिनकी संख्या 2780 है। इन सूचियों को राजनीतिक दलों को सौंपते हुए गहन सत्यापन में सहयोग की अपील की गई, ताकि अपात्र नामों को सूची से हटाया जा सके।
पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए सभी 344 बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की नियुक्ति पूरी कर ली गई है। साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) का गठन किया गया है, जिसमें बीएलओ, ग्राम विकास अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हैं। बैठक में “Book-a-call with BLO” जैसी नवाचारी पहल और विभिन्न आवेदन प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर भी चर्चा हुई, जिससे मतदाताओं को अधिक सुविधाजनक सेवाएं मिल सकें।
अपर जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से आह्वान किया कि वे इस महत्वपूर्ण पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग दें, ताकि जनपद में निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके। बैठक में भाजपा से नन्दन सिंह तड़ागी, भानु प्रताप तड़ागी, नकुल सिंह और सौरव नयाल, जबकि कांग्रेस से दिग्विजय कार्की और अभिषेक गंगोला समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो – चंपावत में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों के साथ चर्चा करते राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि।
चंपावत में मतदाता सूची को शुद्ध बनाने की कवायद तेज, पुनरीक्षण-2026 को लेकर सभी दलों संग मंथन।

