चंपावत: महिलाओं को भीड़ समझकर बुलाया, सुविधाएं देना भूले नेता! बनबसा में बदइंतजामी पर धामी का पारा चढ़ा!

Share This Post

सुबह से भूखी-प्यासी बैठी रहीं दूरदराज से आई महिलाएं, मुख्यमंत्री ने मंच से अधिकारियों को लगाई फटकार।


अव्यवस्था पर भाजपा के बड़े नेताओं की जवाबदेही भी सवालों में।

बनबसा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत लगा दी, लेकिन जब दूरदराज से पहुंचीं महिलाओं की सुविधाओं की बात आई तो व्यवस्थाएं नदारद नजर आईं। बनबसा में आयोजित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एकदिवसीय कार्यक्रम में अव्यवस्था की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने प्रशासन के साथ-साथ भाजपा संगठन की तैयारियों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए। सुबह से कार्यक्रम स्थल पर पहुंची महिलाएं घंटों भूखी-प्यासी बैठी रहीं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आया। आखिरकार महिलाओं की परेशानी पर मुख्यमंत्री धामी को खुद मंच से नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगानी पड़ी।



मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम स्थल पर देर से पहुंचने के लिए वहां मौजूद लोगों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनके लिए काफी देर तक इंतजार किया, इसके लिए वह सभी सम्मानित लोगों का धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों के धैर्य और सहयोग के लिए भी आभार जताया। एक तरफ मुख्यमंत्री अपनी देरी के लिए जनता से माफी मांग रहे थे, तो दूसरी तरफ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में जुटे जिम्मेदार लोग महिलाओं की बुनियादी जरूरतों तक का इंतजाम नहीं कर पाए।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि दूरदराज के गांवों से महिलाओं को कार्यक्रम में बुलाने वाले नेताओं ने क्या उनकी सुविधाओं के बारे में एक बार भी सोचा? सुबह घरों से निकलकर लंबा सफर तय करने वाली महिलाओं के लिए न पर्याप्त भोजन की व्यवस्था थी और न ही पेयजल का उचित इंतजाम। क्या महिलाओं को केवल भीड़ बढ़ाने और कार्यक्रम की रौनक दिखाने के लिए बुलाया गया था? यदि ऐसा नहीं था तो फिर उनकी बुनियादी जरूरतों की अनदेखी क्यों हुई?

इस अव्यवस्था के लिए केवल प्रशासन को कटघरे में खड़ा करना भी पूरी तस्वीर नहीं होगी। भाजपा के बड़े नेताओं और स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालने वालों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। कार्यक्रम में महिलाओं की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रहने वाले नेताओं ने उनकी सुविधाओं की जिम्मेदारी क्यों नहीं उठाई? क्या कार्यक्रम की सफलता केवल भीड़ की संख्या से तय होनी थी, लोगों के सम्मान और सुविधा से नहीं?
मुख्यमंत्री की मंच से नाराजगी ने आयोजकों की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी। जब मुख्यमंत्री को खुद महिलाओं की परेशानी पर अधिकारियों को फटकार लगानी पड़े तो यह महज छोटी-मोटी चूक नहीं, बल्कि व्यवस्था और जिम्मेदारी के बीच की बड़ी खाई को दर्शाता है।

सवाल सीधा है- महिलाओं को कार्यक्रम में बुलाने के लिए नेताओं में होड़ थी, लेकिन उनके लिए पानी और भोजन की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी थी? मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद अब क्या जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होगी या फिर यह मामला भी कुछ दिनों बाद ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

फोटो_मुख्यमंत्री का इंतजार करती महिलाएं।


Share This Post