

लोहाघाट। निकटवर्ती फोर्ति गांव निवासी पूर्व सैनिक चंद्रशेखर बगोली को भाजपा की प्रांतीय कार्यकारिणी का सदस्य मनोनीत किया गया है। करीब 27 साल से पार्टी संगठन और समाज सेवा में सक्रिय बगोली को यह जिम्मेदारी मिलने पर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए उनका स्वागत किया।
वर्ष 1998 में सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद चंद्रशेखर बगोली राष्ट्रवाद की विचारधारा से प्रेरित होकर भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनसेवा के कार्यों में खुद को समर्पित कर दिया। जनसेवा के प्रति उनके समर्पण का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि फोर्ति गांव के लोगों ने उन्हें दो बार ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी सौंपी।
चंद्रशेखर बगोली के समाज सेवा के कार्यों में उनके बेटे संदीप बगोली भी लगातार सहयोग करते रहे हैं। पिता के साथ कदम से कदम मिलाकर जनसेवा में जुटे संदीप की सक्रियता को देखते हुए स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज के छात्रों ने उन्हें छात्रसंघ अध्यक्ष चुना था। संदीप एबीवीपी से भी जुड़े हुए हैं।
चंद्रशेखर बगोली को प्रांतीय कार्यकारिणी में स्थान मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे एक निस्वार्थ जनसेवक का सम्मान बताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पार्टी ने एक ऐसे व्यक्ति को सम्मान दिया है, जिसने बिना किसी पद की लालसा के वर्षों तक संगठन और समाज के लिए काम किया।
नवनियुक्त प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य चंद्रशेखर बगोली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई दिशा मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देवभूमि के सांस्कृतिक और धार्मिक स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में उनके हाथ मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
फोटो_ भाजपा प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य मनोनीत पूर्व सैनिक चंद्रशेखर बगोली।




