

भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; डीएम ने अधिकारियों को किया अलर्ट
चंपावत। जिले में आधी रात से शुरू हुई हल्की बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश के बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को जिले में भारी वर्षा, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोनिवि, पीएमजीएसवाई और एनपीसीसी के अधिकारियों को मार्ग बाधित होने पर तत्काल यातायात बहाल कराने को कहा गया है। ठूलीगाड़ मोटर मार्ग पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने तहसीलदारों और पटवारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहने तथा पुलिस थानों और चौकियों को आपदा उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन चालू रखने के भी सख्त निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 अथवा 05965-230819 और 230703 पर सूचना दी जा सकती है।

फोटो_जिलाधिकारी मनीष कुमार।




