कोबरा ने काटा तो उसी सांप को डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचा युवक!

Share This Post

सांप रेस्क्यू करने के दौरान हुआ हादसा, जिंदा कोबरा देखकर डॉक्टर और लोग रह गए हैरान।

रामनगर। रामनगर में बुधवार सुबह एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। कोबरा सांप के काटने के बाद युवक उसी जिंदा सांप को डिब्बे में बंद कर रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गया। युवक के साथ डिब्बे में जिंदा कोबरा देखकर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और लोग भी हैरान रह गए। चिकित्सकों ने युवक का उपचार शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार पिछले चार-पांच वर्षों से रामनगर के बेड़ाझाल क्षेत्र में पत्नी के साथ रह रहा है। वह टाइल्स लगाने के साथ सांपों का रेस्क्यू भी करता है। बुधवार सुबह करीब पांच बजे उसे गुबानपुर क्षेत्र में नितिन कुमार के घर कोबरा सांप होने की सूचना मिली। अरुण सांप को रेस्क्यू करने पहुंचा और उसे डिब्बे में बंद करने के दौरान कोबरा ने उसकी उंगली पर काट लिया।
इसके बावजूद अरुण ने हिम्मत नहीं हारी और पहले सांप को डिब्बे में बंद किया, फिर उसी को साथ लेकर अस्पताल पहुंच गया। चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि युवक की इंडेक्स फिंगर पर सांप के काटने के निशान हैं। उसका उपचार शुरू कर दिया गया है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

फोटो_ कोबरा के काटने के बाद उसी सांप को डिब्बे में बंद कर उपचार के लिए रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचा अरुण कुमार।


Share This Post