डीएम को सौंपा ज्ञापन, कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले के खिलाफ कार्रवाई, फेसबुक अकाउंट सीज और सामग्री हटाने की मांग
चंपावत। सोशल मीडिया पर अधिवक्ताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री प्रसारित किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जिला बार एसोसिएशन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
बार एसोसिएशन का आरोप है कि लक्ष्मी दत्त जोशी नामक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अधिवक्ताओं और अधिवक्ता समाज की छवि धूमिल करने वाली कथित भ्रामक एवं अपमानजनक पोस्ट लगातार प्रसारित की जा रही हैं। संगठन ने कहा कि इस प्रकार की सामग्री से अधिवक्ताओं की गरिमा को ठेस पहुंच रही है और समाज में गलत धारणा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञापन में बार एसोसिएशन ने बताया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा दो फेसबुक अकाउंट संचालित कर कथित आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो और अन्य सामग्री साझा की जा रही है। एसोसिएशन ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने सहित सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संगठन ने मांग उठाई कि जांच पूरी होने तक संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट को सीज किया जाए और विवादित सामग्री को तत्काल हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे जिले में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बना रहे।
बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ता न्याय प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके सम्मान और प्रतिष्ठा पर आघात करने वाले किसी भी प्रयास को हल्के में नहीं लिया जा सकता। प्रशासन से मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताई गई है।
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के बाद जिला प्रशासन ने अधिवक्ताओं को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।
