चंपावत: आदर्श जिले की सड़कों पर बदहाली, गड्ढों और कीचड़ से रोज जूझ रहे लोग।

Share This Post

हल्की बारिश में जलभराव, धूल और जर्जर सड़कों से बढ़ रहा हादसों का खतरा, विकास के दावों पर उठे सवाल।

चंपावत। मुख्यमंत्री की “आदर्श जिला” परिकल्पना वाले चंपावत मुख्यालय में विकास के दावों के बीच सड़कें और गलियां बदहाल स्थिति में हैं। शहर के कई सीसी मार्ग लंबे समय से खुदे पड़े हैं, जबकि मुख्य मार्गों पर बने गड्ढे और जलभराव आमजन के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने और प्रशासन के संज्ञान में मामला लाने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।


भैरवा क्षेत्र से ललुआपानी जाने वाले मार्ग सहित मुख्यालय और ब्लॉक को जोड़ने वाली सड़क पर हल्की बारिश के बाद कीचड़ फैल जाता है। इससे पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर कई बार वाहन फिसल चुके हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
नागनाथ वार्ड के ग्याली सेरान और आदर्श कॉलोनी को जाने वाले सीसी मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढे भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि वर्षों बाद भी सुरक्षित सड़क और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं।

साह मोटर्स से पर्यटन आवास गृह और जिला चिकित्सालय तक हाईवे पर बने गड्ढों को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि सड़क की मरम्मत केवल वीआईपी दौरों से पहले की जाती है और कुछ समय बाद सड़क फिर से बदहाल हो जाती है।
जिला चिकित्सालय के समीप निर्माणाधीन पार्किंग स्थल से उड़ रही धूल मरीजों और तीमारदारों के लिए अतिरिक्त परेशानी का कारण बन रही है। धूल नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम न होने से अस्पताल आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं खर्ककार्की मार्ग पर, जहां कई निजी विद्यालय, शिक्षा विभाग के कार्यालय स्थित हैं, सीसी सड़क के बीच बना गहरा गड्ढा लंबे समय से जस का तस पड़ा है। इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बच्चों, अभिभावकों और वाहन चालकों के लिए यह गंभीर खतरा बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका, संबंधित निर्माण एजेंसियों और प्रशासन को बार-बार शिकायत देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। ऐसे में आदर्श जिले की परिकल्पना के बीच बुनियादी सुविधाओं की बदहाली विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।

कुछ तस्वीरों के दृश्य जिससे यह पता चल सकता है कि आम लोगों को कितना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


Share This Post